← सभी लेख

प्रकाश पर्व — प्रस्थान से उपस्थान की यात्रा : गुरु गोबिंद सिंह जी

प्रस्थान से उपस्थान की यात्रा का अर्थ अंधकार से प्रकाश की ओर और संसार में रहते हुए परमात्मा के निकट रहने की साधना करते रहने का संकल्प है। संसार में रहना यानी हम चाहे जिस भी क्षेत्र में कार्यरत हों, समर्पण ईश्वर के प्रति होते हुए राष्ट्र में नवचेतना जागृत करना।

· डॉ. प्रवीण सत्येन्द्र विद्यालंकार · 4 मिनट में पढ़ें
प्रकाश पर्व — प्रस्थान से उपस्थान की यात्रा : गुरु गोबिंद सिंह जी

वेद वसुंधरा : विचार से परिवर्तन तक — विशेष वैचारिक आलेख

वैदिक उद्घोष
ओ३म् उद्वयन्तमसस्परि स्वः पश्यन्त ऽउत्तरम्।— यजुर्वेद 35.14

जीवन : एक यात्रा, दिशा ही सार्थकतामनुष्य का जीवन एक यात्रा है और इस यात्रा की सार्थकता उसकी दिशा पर निर्भर करती है। जीवन में प्रस्थान अर्थात् आगे बढ़ना केवल किसी स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचना नहीं, बल्कि अपने विचारों, संकल्पों और कर्मों के साथ किसी उद्देश्य की ओर अग्रसर होना है। जब यह प्रस्थान सत्य, सदाचार, सद्गुण और ईश्वर-भक्ति की ओर होता है, तब जीवन की दिशा प्रकाशमय हो जाती है। इसी प्रस्थान की आध्यात्मिक परिणति है उपस्थान — अर्थात् परमात्मा के निकट पहुँचना, उसके विधान को स्वीकार करना और अपने समस्त कर्मों को उसके प्रति समर्पित करना।

प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन इसी प्रस्थान से उपस्थान की यात्रा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करता है।

अंधकार से प्रकाश की ओरवेद का उद्घोष है — उद्वयन्तमसस्परि स्वः पश्यन्त ऽउत्तरम्, अर्थात् हम अंधकार से ऊपर उठकर उच्चतर ज्योति को देखें। यह ज्योति केवल बाहरी प्रकाश नहीं, बल्कि ज्ञान, विवेक, सत्य और सदाचार का प्रकाश है। अर्थात् “हे ज्योतिरूप भगवन्! आप कृपा करके हमें अज्ञानता, अविवेक के अन्धकार से निकालकर अपने सर्वश्रेष्ठ ज्ञान को हमें प्रदान कीजिए।” बृहदारण्यक उपनिषद् भी यही प्रेरणा देता है — तमसो मा ज्योतिर्गमय, अर्थात् अंधकार से प्रकाश की ओर ले चलिए।

गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन इसी प्रकाश की ओर प्रस्थान करता दिखाई देता है। उनका प्रस्थान दुर्गुणों से सद्गुणों की ओर, अन्याय से न्याय की ओर, भय से निर्भयता की ओर और अधर्म से धर्म की रक्षा की ओर था। उनके जीवन का उद्देश्य केवल स्वयं आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में साहस, स्वाभिमान, धर्मनिष्ठा और न्याय की चेतना जागृत करना था।

जीवन का उद्देश्य : धर्म के हेतुदशम ग्रंथ के बचित्र नाटक में उनके जीवन के उद्देश्य का अत्यंत महत्त्वपूर्ण उद्घोष मिलता है —

हम इह काज जगत मो आए। धरम हेत गुरदेव पठाए॥

अर्थात् हम इस कार्य के लिए संसार में आए हैं और धर्म के हेतु गुरुदेव ने हमें भेजा है। आगे धर्म के विस्तार, संतों की रक्षा और दुष्टता के निवारण का संकल्प भी व्यक्त होता है। यह उनके जीवन के उद्देश्य और कर्तव्यबोध की स्पष्ट अभिव्यक्ति है।

शुभ कर्मों से अडिग निष्ठाउनकी रचना चंडी चरित्र उक्ति बिलास में प्रसिद्ध प्रार्थना है —

देह शिवा बर मोहे इहै, शुभ करमन ते कबहूँ न टरौं।

अर्थात् मुझे ऐसा सामर्थ्य प्रदान हो कि मैं शुभ कर्मों से कभी पीछे न हटूँ। यह प्रार्थना उनके जीवन-दर्शन का सार प्रस्तुत करती है। ईश्वर-भक्ति उनके लिए केवल उपासना नहीं, बल्कि शुभ कर्मों के प्रति अडिग रहने की शक्ति थी।

प्रस्थान का उपस्थान बननायहीं उनका प्रस्थान उपस्थान का स्वरूप ग्रहण करता है। जब मनुष्य अपने प्रत्येक कर्म को परमात्मा की इच्छा, सत्य और लोककल्याण के अनुरूप करता है, तब उसका जीवन स्वयं ईश्वर के निकट होने की साधना बन जाता है। महर्षि पतंजलि ने योगदर्शन में इसी भाव को ईश्वरप्रणिधान कहा है। संसार में रहते हुए भी अपने विचार और कर्म परमात्मा को समर्पित रखना ही उपस्थान की वास्तविक अनुभूति है।

गुरु गोबिंद सिंह जी का अध्यात्म उनके साहस, त्याग और धर्मरक्षा के संकल्प में प्रकट हुआ। चारों साहिबजादों का बलिदान इस महान परंपरा की अमिट गाथा है। उनका जीवन सिखाता है कि सच्ची आध्यात्मिकता व्यक्ति को कर्तव्य से विमुख नहीं करती, बल्कि अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और मानव गरिमा की रक्षा करने का सामर्थ्य देती है।

उपस्थान : वैदिक जीवन-दर्शनउपस्थान शब्द ब्रह्मयज्ञ एवं संध्या-उपासना के उपस्थान मंत्रों से लिया गया है। इसका अर्थ है—परमात्मा के निकट उपस्थित होना और उसके प्रति समर्पित रहना। इसका व्यापक भाव है कि मनुष्य संसार में रहते हुए भी अपने विचारों एवं कर्मों से सदैव ईश्वर के निकट रहे।

त्यागभाव : उपस्थान की वास्तविक अनुभूतिसंसार का त्याग नहीं, बल्कि संसार में रहते हुए आसक्ति और स्वामित्व के भाव का त्याग ही वैदिक जीवन-दृष्टि है। ईशावास्य उपनिषद् कहता है—

तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा मा गृधः कस्यस्विद्धनम्॥

अर्थात् त्यागभाव से संसार के साधनों का उपभोग करो और किसी के धन के प्रति लोभ मत रखो। जैसे भुना हुआ चना पुनः अंकुरित नहीं होता, वैसे ही त्यागभाव से परिपक्व मनुष्य में लोभ और आसक्ति के बीज अंकुरित नहीं होने चाहिए।

यही वैदिक संस्कृति और वेद वसुंधरा मॉडल का उद्देश्य है—संसार में रहते हुए समर्पण, सदाचार और लोककल्याण की भावना से जीवन जीना।

वेद वसुंधरा मॉडल का संकल्पवेद वसुंधरा मॉडल भी इसी वैचारिक यात्रा का संकल्प है। भारतीय ज्ञान परंपरा के शाश्वत मूल्यों को आधुनिक जीवन में व्यावहारिक रूप प्रदान करते हुए संस्कारित युवा, सशक्त नारी और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना इसका मूल उद्देश्य है। हमारा विश्वास है कि विचार में प्रकाश होगा तो चरित्र में संस्कार आएँगे, चरित्र में संस्कार होंगे तो कर्म श्रेष्ठ होंगे और श्रेष्ठ कर्मों से समाज एवं राष्ट्र का नवोदय होगा।

आत्ममंथन की आवश्यकताआज आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के प्रस्थान की दिशा का आत्ममंथन करे। क्या हमारे विचार हमें सद्गुणों की ओर ले जा रहे हैं? क्या हमारे कर्म ईश्वर और समाज के प्रति हमारे उत्तरदायित्व को अभिव्यक्त करते हैं?

प्रस्थान से उपस्थान, अंधकार से प्रकाश और विचार से परिवर्तन तक की यात्रा ही जीवन की वास्तविक सार्थकता है।

आइए, गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन से प्रेरणा लेकर स्वयं प्रकाशवान बनें और अपने विचारों, संस्कारों तथा कर्मों से राष्ट्र के जीवन में भी प्रकाश का संवाहक बनें।

क्या आप वेद वसुंधरा मॉडल के लिए लिखना चाहते हैं? अपना लेख या विचार संपर्क पृष्ठ के माध्यम से भेजें।